ब्लाक मुख्यालय पर आयोजित हुई बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती

जनजातीय गौरव दिवस के रूप में आयोजित हुआ कार्यक्रम

बहराइच। मिहींपुरवा विकास खंड के ब्लाक सभागार में शनिवार को जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी, उपनिवेशवाद विरोधी और आदिवासी अस्मिता के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में धूमधाम से मनाई गई। मुख्य अतिथि मिश्रीख सांसद अशोक रावत एवं विशिष्ट अतिथि बहराइच सांसद डॉ. आनंद गोंड ने दीप प्रज्वलित कर बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनीराम थारू ने अतिथियों का अंगवस्त्र और बिरसा मुंडा का चित्र भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेश पांडेय ने की।

इस अवसर पर जनजाति समाज के बच्चों ने थारू संस्कृति पर आधारित स्वागत गीत व अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। माधवपुर प्रधान प्रतिनिधि प्रेमचंद राजभर ने अपनी टीम के साथ लोकगीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भरा।

अपने संबोधन में सांसद अशोक रावत ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन आदिवासी अस्मिता, स्वतंत्रता और अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है। उनका त्याग और योगदान अविस्मरणीय है।
सांसद डॉ. आनंद गोंड, विधायक सरोज सोनकर, जिला अध्यक्ष बृजेश पांडेय और मनीराम थारू ने भी जनजातीय समाज के योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख अभिषेक वर्मा, जनजाति समाज की महिला नेत्री माधुरी, धनश्याम थारू, केशवराम थारू, श्रवण कुमार, सुरेश कुमार, दीपक चौधरी सहित सैकड़ों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विकास खंड परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम के समापन से पूर्व मुख्य अतिथियों ने स्टॉलों का निरीक्षण किया और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले जनजाति समाज के प्रतिभाशाली बच्चों को नगद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और लंच बॉक्स देकर सम्मानित किया।