
बहराइच। जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद डॉ. आनन्द कुमार गोंड की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, नानपारा विधायक राम निवास वर्मा, कैसरगंज सांसद के प्रतिनिधि सुनील सिंह, पयागपुर विधायक के प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी, सदर विधायक के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल, बलहा विधायक के प्रतिनिधि आलोक जिंदल, भाजपा उपाध्यक्ष रणविजय सिंह सहित निकायों के अध्यक्ष, प्रमुखगण, समिति के सदस्यगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम की समीक्षा करते हुए सांसद ने उपायुक्त श्रम रोजगार को निर्देश दिया कि पूर्ण हो चुके कार्यों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए। उपायुक्त स्वतः रोजगार को स्वयं सहायता समूहों तथा लखपति दीदियों की संख्यात्मक सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार के अधिकाधिक लाभ हेतु मंडी सचिव को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा बाहरी मंडियों में उपज बिक्री के लिए किसानों को सहयोग देने के निर्देश दिए गए। उप निदेशक कृषि को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत भुगतान की गई धनराशि व लाभान्वित किसानों की सूची जनप्रतिनिधियों से साझा करने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री जन औषधि योजना की समीक्षा के दौरान सांसद ने चिन्हित स्थानों पर शीघ्र जन औषधि केंद्र संचालित कर आमजन को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्रों पर वेंडर नामित किए जाने को कहा गया। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने अवगत कराया कि 3 व 25 दिसंबर 2025 को विकास भवन एवं महराज सिंह इंटर कॉलेज में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। सांसद ने सभी पात्र दिव्यांगजनों को विभागीय योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा में अतिआवश्यक मार्गों के प्रस्ताव की प्रति जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया। श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन के अंतर्गत चयनित क्लस्टरों के अवशेष कार्यों को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। आर-सेटी द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा में बताया गया कि 797 लोगों को प्रशिक्षित किया गया है। सांसद ने प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को ऋण उपलब्ध कराकर स्वावलंबी बनाने तथा उनकी सूची जनप्रतिनिधियों को देने के निर्देश दिए।
बैठक में अटल कायाकल्प और शहरी परिवर्तन मिशन 2.0, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, अटल पेंशन योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि बैठक में प्राप्त निर्देशों व सुझावों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इससे पूर्व डीएम व मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। बैठक का संचालन मुख्य विकास अधिकारी ने किया। इस अवसर पर डीएफओ, सीएमओ व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।