
बहराइच। श्रावस्ती किसान सहकारी चीनी मिल्स लि., नानपारा में आगामी पेराई सीजन 2025-26 की तैयारियों का जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिल के मशीनरी उपकरणों की डिस्मेन्टलिंग, टेस्टिंग, चेकिंग और साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक कार्यों का स्थलीय जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने मिल प्रबंधन को निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए ताकि पेराई निर्धारित तिथि पर शुरू हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए कि किसानों को गन्ना आपूर्ति में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्री त्रिपाठी ने मिल के कर्मचारियों से अपील की कि वे गन्ना किसानों और मिल दोनों के हितों को सर्वोपरि रखें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पिछले पेराई सत्र 2024-25 के तकनीकी परिणामों और आगामी सत्र 2025-26 के लिए स्वीकृत वार्षिक वित्तीय व्ययों की समीक्षा भी की। उन्होंने मितव्ययता और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने, वेतन और मजदूरी मद में नियंत्रण सुनिश्चित करने और स्वीकृत बजट के भीतर लक्ष्यों की पूर्ति हेतु मिल अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी नानपारा श्रीमती मोेनालिसा जौहरी, प्रधान प्रबंधक श्रीमती ज्योति मौर्या, मुख्य अभियंता वीरेन्द्र कुमार, मुख्य रसायनविद गजेन्द्र सिंह, मुख्य लेखाकार गीतेन्द्र कुमार, मुख्य गन्ना अधिकारी गौरव द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।