
बहराइच। रूपईडीहा थाना क्षेत्र के नरैनापुर गांव में रविवार देर शाम घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे 55 वर्षीय दूबर खां ने अपनी पत्नी सैदुल (53) पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दूबर खां और उनकी पत्नी सैदुल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। कहासुनी के दौरान दूबर खां ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी के चेहरे पर वार किया। गंभीर रूप से घायल सैदुल को परिजन इलाज के लिए चरदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मृतका के बेटे अंगनू ने बताया कि उनके पिता पिछले चार महीनों से मानसिक बीमारी से ग्रसित थे और उनका इलाज लखीमपुर जिले में चल रहा था। अचानक गुस्सा आ जाना उनके रोग का हिस्सा था।
नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने दबोचा
रूपईडीहा पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रूपईडीहा थाने के अपराध निरीक्षक गणेश तिवारी ने बताया कि दूबर खां हत्या के बाद नेपाल की ओर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे नेपाल जाने वाले मार्ग पर एक तालाब के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेजा गया है।
पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह दर्दनाक घटना गांव के लोगों को झकझोर कर रख गई है और घरेलू कलह के खतरनाक परिणामों पर सवाल खड़े कर दिया है।