
बहराइच। उत्तर प्रदेश पंचायत राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष बसंत लाल गौतम एवं प्रदेश महामंत्री रामेंद्र श्रीवास्तव के आवाहन पर जनपद बहराइच इकाई का चुनाव रविवार को विकास खंड तेजवापुर के ब्लॉक सभागार में सम्पन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में पूरी की गई, जिसमें जिले भर से सफाई कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
चुनाव के दौरान जिला अध्यक्ष पद पर एक बार फिर गोपाल शरण सिंह को लगातार पांचवीं बार जिलाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। इसी क्रम में जिला महामंत्री पद पर तरुण कुमार मिश्रा तथा कोषाध्यक्ष पद पर अलीम अहमद को चुनाव अधिकारी द्वारा निर्विरोध नव-निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव में जनपद के सभी 14 विकास खंडों के ब्लॉक अध्यक्ष, महामंत्री एवं सैकड़ों ग्रामीण सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का तालियों के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह की ओर से सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि गोपाल शरण सिंह के नेतृत्व में संगठन लगातार मजबूत हुआ है और सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया गया है।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष गोपाल शरण सिंह ने सभी सफाई कर्मचारी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे और ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के अधिकारों, मान-सम्मान और समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
इस अवसर पर ओम प्रकाश बाजपेयी, शंकर दयाल यादव, रमेश कुमार मौर्य, राकेश कुमार पांडेय, राकेश कुमार बाल्मीकि, संगीता यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।