
बहराइच। रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह सतर्क कर दिया गया है। होली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 108 व 102 एंबुलेंस सेवाएं 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहेंगी। शासन के निर्देश के बाद सभी एंबुलेंसों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि जरूरतमंदों तक समय रहते चिकित्सा सहायता पहुंचाई जा सके।
108 एवं 102 एंबुलेंस सेवा प्रदाता संस्था ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के प्रोग्राम मैनेजर सुधीर मणि त्रिपाठी ने बताया कि होली के मद्देनजर विशेष रणनीति तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान 24×7 निर्बाध एंबुलेंस सेवाएं सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत दी जा सके।
होली के दौरान 108 एंबुलेंसों को चिन्हित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, दुर्घटना बाहुल्य स्थानों तथा प्रमुख थानों के आसपास रणनीतिक रूप से तैनात किया जाएगा। इससे सड़क दुर्घटना, आगजनी, झगड़े या अन्य आकस्मिक घटनाओं की स्थिति में मरीज को न्यूनतम समय में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा।
प्रोग्राम मैनेजर ने बताया कि सभी एंबुलेंसों में प्रशिक्षित स्टाफ, जीवन रक्षक दवाएं, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य आवश्यक चिकित्सीय उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। किसी भी प्रकार की दुर्घटना, जलने की घटना, हार्ट अटैक, सांस लेने में तकलीफ, लिवर या किडनी से जुड़ी समस्या, पेट दर्द अथवा त्वचा संबंधी परेशानी होने पर 108 नंबर डायल कर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है। एंबुलेंस सेवा पूर्णतः निःशुल्क है।
गर्भवती महिलाओं और दो वर्ष तक के बच्चों के लिए 102 एंबुलेंस सेवा भी त्योहार के दौरान 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। प्रदेश में 108 सेवा की लगभग 2200 और 102 सेवा की 2270 एंबुलेंस संचालित हैं, जो जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता प्रदान करती हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि होली के उत्सव में सावधानी बरतें और किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत 108 या 102 पर कॉल करें, ताकि समय रहते चिकित्सा सहायता मिल सके और अनहोनी से बचाव हो सके।