कल्पीपारा फील्ड हॉस्टल में जनपद सिंचाई बन्धु की बैठक सम्पन्न

कल्पीपारा फील्ड हॉस्टल में जनपद सिंचाई बन्धु की बैठक सम्पन्न
बहराइच। उपाध्यक्ष सिंचाई बन्धु राघवेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कल्पीपारा कॉलोनी स्थित ऑफिसर्स फील्ड हॉस्टल में विगत दिवस जनपद सिंचाई बन्धु समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में सिंचाई व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपाध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने नलकूप विभाग को निर्देश दिए कि बनईयाहारी (चित्तौरा ब्लॉक), बेहड़ी शेशापुर (हुजूरपुर ब्लॉक) एवं खामरिया शुल्क (महसी ब्लॉक) में स्थापित नए नलकूपों का शीघ्र विद्युतीकरण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा मिल सके।
इसके साथ ही उपाध्यक्ष ने बड़ईया कला मझरा पुरवा से रतहिया नाले से तरपुहिया काजवे तक सिल्ट सफाई कराने तथा लगभग 700 मीटर नाले को जोड़ने के लिए सरयू नहर खण्ड नानपारा एवं सरयू नहर खण्ड-1 बहराइच को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक के अंत में उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि रबी 1433 फसली के दौरान जनपद की समस्त नहरों का नियमित संचालन करते हुए टेल तक पानी पहुंचाया जाए, जिससे सभी कृषकों को निर्बाध सिंचाई सुविधा सुनिश्चित हो सके। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।