
बहराइच। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, उपायुक्त मनरेगा सतीश पाण्डेय एवं खण्ड विकास अधिकारी पयागपुर अजय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारियों के साथ ग्राम खुटेहना का भ्रमण कर राज्य वित्त मद के अंतर्गत 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित पार्क का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ अजय प्रताप सिंह ने बताया कि 50 गुणा 50 मीटर क्षेत्रफल में विकसित इस पार्क में ओपन जिम, योग मंच के साथ-साथ बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण कराया गया है।
जिलाधिकारी ने पार्क की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि स्थानीय ग्रामीणों को इस सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि यह जनोपयोगी स्थल स्वास्थ्य और खेल गतिविधियों का केंद्र बन सके।
पार्क निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने ग्राम खुटेहना में निर्मित शहीद स्मारक का भी निरीक्षण किया और वहां स्थापित बेंचों पर बैठकर कुछ समय व्यतीत किया। शहीद स्मारक की व्यवस्थाओं को देखते हुए उन्होंने इसे भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
ग्राम खुटेहना से मुख्यालय की ओर लौटते समय जिलाधिकारी ने ग्राम बनकटा में मिनी स्टेडियम के लिए चिन्हित की गई भूमि का भी अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे भविष्य में खेल सुविधाओं का विकास सुनिश्चित किया जा सके।