
बहराइच।जिले के तेजवापुर क्षेत्र अंतर्गत मण्डल भकला गोपालपुर में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर हिंदू सम्मेलन एवं समरसता खिचड़ी सहभोज का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर सामाजिक समरसता, राष्ट्र रक्षा और संगठन की भावना को सुदृढ़ करने का सामूहिक संकल्प लिया।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बहराइच विभाग के विभाग प्रचार प्रमुख अतुल गौड़ रहे। उन्होंने ऐतिहासिक उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब-जब हिंदू समाज की संख्या और एकता कमजोर हुई, तब-तब राष्ट्र को विभाजन और गंभीर संकटों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अखंड भारत की सुरक्षा और मजबूती के लिए संगठित समाज आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
अतुल गौड़ ने स्पष्ट किया कि हिंदू समाज में ऊंच-नीच और छुआछूत का कोई स्थान नहीं है। प्रत्येक हिंदू सहोदर भाई है और समाज को परस्पर प्रेम, सौहार्द और आत्मीयता के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने संघ के ‘पंच परिवर्तन’ के संकल्पों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला, जिसमें भेदभाव रहित समाज की स्थापना, पारिवारिक संस्कारों का पुनर्जागरण, जल संरक्षण व वृक्षारोपण द्वारा प्रकृति की रक्षा, स्वदेशी उत्पादों को अपनाना तथा व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में योगदान देना शामिल है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहखंड संचालक बुद्धिसागर ने लोगों से निरंतर राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। सम्मेलन की अध्यक्षता संजय गुप्ता ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन राजन पांडे ने किया।
सम्मेलन के समापन के पश्चात समरसता खिचड़ी सहभोज का आयोजन हुआ, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ भोजन कर सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में आरएसएस जिला प्रमुख उत्तम सिंह, सहखंड कार्यवाह योगेश, रामगोपाल, शिवम, पंकज कुमार गुप्ता, प्रमोद पांडे, हरिश्चंद्र गुप्ता, बीरबल, सुनील, रामचंद्र, बबलू साहू, विष्णु पांडे, रोहित गुप्ता, रोहित आर्य, राजित राम चौहान सहित सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे।