
बहराइच। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सोमवार को ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने न केवल मौजूद लोगों को भावुक कर दिया बल्कि अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए। एक्स-रे के लिए भेजी गई एक महिला मरीज को स्ट्रेचर न मिलने पर उसकी छोटी बहन ही उसका सहारा बनी और उसे गोद में उठाकर एक्स-रे विभाग तक लेकर गई।
अस्पताल के गलियारे में अपनी बड़ी बहन को कंधों पर उठाती उस महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखकर लोग अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गुस्सा ज़ाहिर कर रहे हैं।
डॉक्टर द्वारा एक्स-रे लिखे जाने के बाद परिजनों ने काफी देर तक स्ट्रेचर और व्हीलचेयर तलाश की, लेकिन अस्पताल परिसर में एक भी उपलब्ध नहीं थी। मजबूरी में छोटी बहन ने बीमार बड़ी बहन को अपने कंधों पर उठा लिया और पैदल ही एक्स-रे कक्ष तक पहुंची। यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति को अंदर तक झकझोर गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में ऐसी अव्यवस्थाएँ नई नहीं हैं। कई बार मरीजों को चारपाई, दुपहिया वाहन या परिजनों के सहारे वार्ड से जांच कक्ष तक ले जाते हुए देखा जाता है। स्ट्रेचर, व्हीलचेयर और सहायक कर्मचारियों की कमी लगातार मरीजों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।
वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन की भूमिका सवालों के घेरे में है। लोगों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
परिजनों ने भी बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की मांग करते हुए कहा कि अस्पताल में संसाधनों की भारी कमी है, जिसका खामियाज़ा हर दिन गरीब और जरूरतमंद मरीज भुगत रहे हैं।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है और क्या अस्पताल की जमीनी स्थिति में सुधार हो पाता है।