
बहराइच। मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत गायघाट में स्वर्गीय अमीर हसन के घर में रह रही दो बालिकाओं, जुमानी और नसीमुन, अपने घर में मजदूरी करते हुए पटाखा बनाने का काम कर रही थीं। पटाखा बनाने की शिकायत मिलने पर मोतीपुर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मौके से एक बोरी में बारूद और पटाखा बनाने की सामग्री बरामद हुई। इसके साथ ही 5,54,500 रुपये नगद भी एक बोरी में रखे मिले। दोनों बालिकाओं ने बताया कि यह राशि उनके पिताजी द्वारा बेचे गए खेत की और उनकी मजदूरी से इकट्ठा की गई है, जिसे उन्होंने अपनी शादी के लिए जमा किया था।
मोतीपुर पुलिस ने बरामद सामग्री और रकम को थाना ले जाकर कब्जे में लिया। बरामद नगद में पुराने 100-100 के नोट, 50 और 500 रुपये के नोट शामिल थे, साथ ही कुछ नोट चलन से बाहर भी थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों बालिकाएं बहुत गरीब हैं और अपने पेट काटकर यह पैसा इकट्ठा कर रही थीं।
एसडीएम मिहींपुरवा रामदयाल, क्षेत्रीय लेखपाल और मोतीपुर पुलिस टीम के साथ महिला सिपाही भी छापेमारी के दौरान मौजूद रही। दोनों बालिकाओं से थाने पर पूछताछ जारी है।