
बहराइच । समाजवादी पार्टी ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के दौरान भारतीय जनता पार्टी द्वारा कथित रूप से की जा रही धांधली के प्रयासों के विरोध में कड़ा रुख अपनाया है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी जिला इकाई बहराइच के अध्यक्ष राम हर्ष यादव के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी बहराइच को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के संवैधानिक अधिकारों के हनन की आशंका उत्पन्न हो रही है। समाजवादी पार्टी ने प्रशासन से इस पूरे मामले में निष्पक्षता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
जिला अध्यक्ष राम हर्ष यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संविधान में अटूट आस्था रखने वाली पार्टी है और पीडीए समाज के अधिकारों के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी वर्ग के अधिकारों के हनन का प्रयास हुआ तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि एसआईआर प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जनहित में संचालित किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक के मताधिकार या संवैधानिक अधिकारों पर कोई आंच न आए। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।