डीएम व एसपी ने हिंसक वन्य जीव प्रभावित क्षेत्र का किया भ्रमण

बहराइच। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह और मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र के साथ विकासखंड फखरपुर के हिंसक वन्य जीव प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वन्य जीवों से उत्पन्न समस्याओं के समाधान और रेस्क्यू गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान डीएम ने देवनाथ पुरवा दाखिली मंझारा तौकली का दौरा कर वन्य जीव द्वारा घायल सात वर्षीय अंकेश के परिजनों से भेंट की और उनके कुशल क्षेम की जानकारी लेकर परिवार को ढांढस बंधाया। इसके बाद डीएम ने मजरा गिरथा पकड़िया पहुंच कर वन विभाग द्वारा ई-ड्रोन कैमरे से सर्चिंग करने वाले पॉइंट का निरीक्षण किया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा, उप जिलाधिकारी कैसरगंज अखिलेश कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी रवि खोखर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह और विधानसभा संयोजक गौरव वर्मा सहित अन्य क्षेत्रीय गणमान्य और समाज के संभ्रान्तजन भी मौजूद रहे।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में वन्य जीव सुरक्षा के उपाय, स्थानीय लोगों की सुरक्षा, और रेस्क्यू कार्यों की प्रभावशीलता को लेकर आवश्यक रणनीतियाँ पर चर्चा की। डीएम और एसपी ने क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए और वन्य जीवों तथा स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।