बाजरा खरीद केंद्र का लक्ष्य कम रहने से किसान परेशान, कई दिनों से खड़े हैं अनाज लेकर

फतेहपुर सीकरी।
अनाज मंडी स्थित बाजरा खरीद केंद्र पर निर्धारित लक्ष्य के आधार पर खरीद की जा रही प्रक्रिया से किसान परेशान हैं। दर्जनों किसान अपने बाजरा के साथ कई दिनों से केंद्र पर खड़े हैं, लेकिन उनकी खरीद नहीं हो पा रही है।

फतेहपुर सीकरी की अनाज मंडी में दो सरकारी खरीद केंद्र संचालित हैं। इन दोनों केंद्रों पर कुल 20,000 क्विंटल बाजरा खरीदने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, इनमें से एक केंद्र पर 7,200 क्विंटल और दूसरे केंद्र पर 4,000 क्विंटल बाजरा खरीदा जा चुका है। इसके बावजूद सैकड़ों किसानों का बाजरा खरीद के लिए पंजीकरण होने के बावजूद नहीं लिया गया।

केंद्र प्रभारी गंगा प्रसाद यादव ने बताया कि उनके केंद्र पर 1,800 किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिनसे कुल 90,000 क्विंटल की खरीद संभव है। लेकिन लक्ष्य मात्र 20,000 क्विंटल होने के कारण कई किसानों का बाजरा खरीद नहीं हो पा रहा।

ग्राम दाउदपुर के प्रधान एवं किसान थान सिंह ने कहा कि केंद्र का लक्ष्य किसानों के पंजीकरण के अनुरूप बढ़ाया जाना चाहिए। वहीं ग्राम नगला दधीराम के किसान मदन मोहन शर्मा, हुकम सिंह, विष्णु, मंडी मिर्जा खान की शिव देवी ने बताया कि उनका पंजीकरण दो महीने पहले हो चुका है, लेकिन अभी तक उनका बाजरा खरीदा नहीं गया। कई किसान पिछले 8 दिनों से अपने बाजरा ट्रैक्टर-ट्रालियों में भरकर केंद्र पर खड़े हैं।

कुछ किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र प्रभारी की मिलीभगत से अन्य लोगों का बाजरा प्राथमिकता के आधार पर खरीदा जा रहा है, जिससे कई किसानों को नुकसान हो रहा है।