बक्शा में 50 लाख की रंगदारी न देने पर डॉक्टर को मारी गोली

जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के लखौवां बाजार, फतेहगंज रोड स्थित डॉ. विनय कृतौनिया (बीके बंगाली) की डिस्पेंसरी पर शनिवार को रंगदारी न देने पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने गोली चला दी। गोली डॉक्टर के पैर में लगी, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
घायल डॉ. वी.के. बंगाली ने बताया कि छह फरवरी को एक अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल कर अपना नाम शोले सिंह बताते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। डॉक्टर के अनुसार रकम देने से इनकार करने पर उन्होंने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दे दी थी।
डॉक्टर ने बताया कि शनिवार को करीब तीन बजे एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश उनके क्लिनिक पर पहुंचे। इनमें से एक ने असलहा निकालकर उनके पैर में गोली मार दी। गोली चलते ही बाजार में भगदड़ मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसओजी टीम भी मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वहीं सीओ सदर देवेश सिंह, थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की गहनता से छानबीन में जुट गए हैं।