अधिवक्ता पर हमले का मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर, गिरफ्तारी न होने पर भड़के वकील

बलरामपुर। गुरुवार की रात्रि को अधिवक्ता सूर्य प्रकाश श्रीवास्तव पर हमला कर लूट की घटना को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से दूर है। आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। सोमवार को सैकड़ों की संख्या में अधिवक्तागण न्यायालय परिसर में एकत्र हुए और पुलिस पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी की।
इसके बाद अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में अपर जिलाधिकारी बलरामपुर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान दि कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र त्रिपाठी और महामंत्री कमलेश्वर सिंह ने कहा कि अधिवक्ता साथी पर हुए हमले का मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोतवाली पुलिस गिरफ्तारी में हीला-हवाली कर रही है और पुलिस अधीक्षक पर राजनीतिक दबाव में काम करने का भी आरोप लगाया।
बार पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक के तबादले की मांग करते हुए सवाल उठाया कि संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आखिर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो अनिश्चितकालीन कलम बंद हड़ताल की जाएगी और आवश्यकता पड़ी तो सड़क जाम करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और महामंत्री ने तुलसीपुर और उतरौला बार एसोसिएशन से भी हड़ताल में सहयोग की अपील की है। सोमवार को हुए धरना-प्रदर्शन में जिला युवा अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार शुक्ला, अधिवक्ता अमित पांडेय, अजीत शुक्ला, पवन कुमार सहित भारी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद रहे।