
बलरामपुर। Tulsipur थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। नकटी नाला के पास मेला देखने जा रहे चार युवकों की बाइक सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार भोजपुर निवासी अनिल (21) पुत्र नानाबाबू अपने साथियों सुरत (21), मुकेश (29) और अनंत के साथ मोटरसाइकिल से देवीपाटन मेला देखने जा रहे थे। जैसे ही वे नकटी नाला के समीप पहुंचे, सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल की मौके पर ही मौत हो गई और बाकी तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल Balrampur रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। ग्राम प्रधान इंद्रजीत साहू भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतक अनिल की शादी आगामी 29 अप्रैल को होनी थी। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।