
बलरामपुर। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम कलवारी में एक दबंग दुकानदार की बर्बरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकानदार स्वामीनाथ चौरसिया ने मामूली विवाद में नाबालिग बच्चे की बेरहमी से पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि पतंग की डांडी टूटने को लेकर हुए विवाद में दुकानदार ने पहले बच्चे को निशाना बनाया और जब पिता उसे बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस दौरान जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर खुलेआम अपमानित किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इतना ही नहीं, दुकानदार ने यह कहते हुए धमकाया कि “यह मेरी दुकान है, दोबारा यहां दिखे तो अंजाम बुरा होगा।” घटना के बाद से पीड़ित परिवार भय, दहशत और मानसिक तनाव में जीने को मजबूर है।
परिवार का कहना है कि यह केवल मारपीट की घटना नहीं बल्कि जातिगत उत्पीड़न और दबंगई का गंभीर मामला है। पीड़ित द्वारा थाना कोतवाली देहात में तहरीर दी गई है। इस संबंध में जब थाना प्रभारी कोतवाली देहात से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।