
बलरामपुर।मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर दूर स्थित गजाधर सिंह डिहवा गांव में सफाई व्यवस्था की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। गांव में जगह-जगह फैली गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानी चुनाव नजदीक आते ही सफाई व्यवस्था सुधारने के नाम पर औपचारिकता निभाई जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस बदलाव नजर नहीं आ रहा। आरोप है कि सफाई कर्मी गांव में आते तो हैं, लेकिन नालियों और रास्तों से निकली गंदगी को एक जगह से उठाकर दूसरी जगह इकट्ठा कर छोड़ दिया जाता है, जिससे समस्या और गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में न तो सफाई कर्मी जिम्मेदारी निभा रहे हैं और न ही ग्राम प्रधान कोई ठोस पहल कर रहे हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की सफाई व्यवस्था की गंभीरता से जांच कराई जाए और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गांव को गंदगी और बीमारियों से निजात मिल सके।