
बलरामपुर।समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेत्री, मैनपुरी सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की धर्मपत्नी डिंपल यादव के जन्मदिन के अवसर पर बलरामपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने धार्मिक आयोजन कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष परशुराम वर्मा के नेतृत्व में नगर स्थित आर्य समाज मंदिर में किया गया।
इस अवसर पर डिंपल यादव की फोटो स्थापित कर विधिवत हवन-पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कार्यकर्ताओं ने उनकी दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफल राजनीतिक जीवन की कामना की। हवन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
परशुराम वर्मा ने कहा कि डिंपल यादव नारी शक्ति, सरलता और जनसेवा की सशक्त प्रतीक हैं। उन्होंने हमेशा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया है। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने नारी सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के मूल्यों को अपनाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कृष्ण कुमार गिहार, अध्यक्ष बाबा वाहिनी मनीष चंद्र सोनकर, उपाध्यक्ष संजय तिवारी, पूर्व नगर महासचिव करीम भाई सहित सचिन मिश्रा, राकेश, गुड्डू, सुशील आर्य समेत अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर डिंपल यादव के स्वस्थ, दीर्घ एवं सफल जीवन की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।