
बहराइच। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदुओं सहित अन्य अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों को लेकर केंद्र सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बांग्लादेश की वर्तमान परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और हालात के अनुरूप जो भी उचित और आवश्यक होगा, वह कार्रवाई की जाएगी।
अरुण सिंह महसी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह द्वारा आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन में शामिल होने बहराइच पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पूर्व उन्होंने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें उनके बचपन से लेकर राजनीतिक जीवन तक की प्रमुख उपलब्धियों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया था।
अपने संबोधन में अरुण सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व और कृतित्व भारतीय राजनीति के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि अटल जी मात्र 18 वर्ष की उम्र में जेल गए थे और यदि अटल बिहारी वाजपेयी न होते तो आज भारतीय जनता पार्टी का स्वरूप भी अलग होता। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के उस कथन का उल्लेख किया, जिसमें नेहरू ने कहा था कि एक दिन यह व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बनेगा।
अरुण सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ऐसे नेता थे जिन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से चुनाव लड़ा और एक समय में चार स्थानों से राज्यसभा पहुंचने का गौरव प्राप्त किया। उनका व्यक्तित्व इतना विराट था कि विपक्ष भी उनका खुलकर विरोध नहीं करता था। सम्मेलन के माध्यम से अटल जी के विचारों, आदर्शों और राष्ट्रसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडे, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, अखंड प्रताप सिंह, रमाकर पांडे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया गया।