एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ से अधिक की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

जनपद बाराबंकी में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। एएनटीएफ थाना प्रभारी अयाजउद्दीन ने बताया कि शुक्रवार देर रात टीम ने लखनऊ के रोशनाबाद कॉलोनी, ठाकुरगंज क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राहुल रावत पुत्र राज किशोर रावत, निवासी गऊघाट थाना ठाकुरगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 507 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ दो लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा एक स्कूटी और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मादक पदार्थ की पुड़िया बनाकर अलग-अलग स्थानों पर घूम-घूम कर बिक्री करता था, जिससे उसे अधिक मुनाफा होता था। एएनटीएफ थाना बाराबंकी को उसकी काफी समय से तलाश थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।