
सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी। तहसील के आरियामऊ गांव में सोमवार देर रात एक दुखद घटना घटी, जिसमें 26 वर्षीय रोशन गुप्ता करंट की चपेट में आने से मृत हो गए। यह घटना लक्ष्मी गेस्ट हाउस के पीछे स्थित आटा चक्की पर हुई।
बताया गया है कि रोशन गुप्ता लोहे का तराजू उतार रहे थे, तभी अचानक करंट लग गया। इस दौरान उनके साथी शुभम गुप्ता बचाने दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। पास में मौजूद अंकित मौर्या ने भी मदद करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें भी करंट का झटका लगा और वह दूर जा गिरे।
हालांकि बिजली की आपूर्ति बंद होने की वजह से अंकित और शुभम की जान बच गई। स्थानीय लोग और परिजन तीनों को तुरंत सिरौलीगौसपुर के संयुक्त चिकित्सालय ले गए। जहां डॉक्टरों ने रोशन गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। शुभम और अंकित का इलाज जारी है।
बदोसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जाएगी।