
बाराबंकी। दरियाबाद क्षेत्र में एक प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर मिड-डे मील योजना में इस्तेमाल होने वाला गैस सिलेंडर चोरी करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता से एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार सराय शाहआलम गांव के पास एक युवक सरसों के खेत में गैस सिलेंडर छुपाकर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान सुबह टहलने निकले ग्राम प्रधान प्रतिनिधि फुरकान अहमद की नजर उस पर पड़ी और युवक संदिग्ध लगा। शक होने पर उन्होंने उसका पीछा किया तो पास के प्राथमिक विद्यालय के किचन का ताला टूटा मिला।
इसके बाद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने मौके से गयास नाम के युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी लवकुश के साथ मिलकर विद्यालय के किचन का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर चोरी किया था। घेराबंदी के दौरान सरसों के खेत में छुपाया गया चोरी का सिलेंडर भी पुलिस ने बरामद कर लिया।
दरियाबाद पुलिस ने आरोपी गयास के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार आरोपी लवकुश की तलाश जारी है।