युवक को ‘पंडित’ कहकर पीटा, जबरन धुलवाया माथे का तिलक, आरोपी गिरफ्तार

बाराबंकी। देवा शरीफ दरगाह से करीब 70 मीटर दूर युवक के साथ मारपीट और धार्मिक पहचान के आधार पर अपमान किए जाने का मामला सामने आया है। दशहराबाद निवासी हरीश शर्मा अपनी पड़ोसी मुस्लिम महिला के साथ दरगाह पर चादर चढ़ाने पहुंचे थे। पीड़ित के अनुसार जब महिला दरगाह के अंदर चली गई, तब वह बाहर चने खाते हुए दरगाह की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ दुकानदारों में से एक ने उन्हें “ओए पंडित” कहकर रोका और अभद्रता शुरू कर दी।
आरोप है कि आरोपी ने युवक को थप्पड़ मारे और जबरन पकड़कर सड़क किनारे स्थित एक दुकान पर ले गया, जहां उनके माथे पर लगे तिलक को पानी डालकर धुलवाया गया और हाथापाई की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टोपी पहने एक व्यक्ति युवक को पकड़कर झुकाते और उसके माथे से तिलक मिटाते हुए दिखाई दे रहा है।
घटना के बाद पीड़ित हरीश शर्मा ने देवा कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और स्थिति सामान्य बनी हुई है।