प्रतिबंधित आम की लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को वन विभाग ने किया सीज


फतेहपुर–बाराबंकी। वन विभाग देवां रेंज की टीम ने गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आम की लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्राली को खनवहां–हरई संपर्क मार्ग पर पकड़कर सीज कर दिया। पकड़ी गई लकड़ी प्रतिबंधित प्रजाति की बताई जा रही है, जिसे क्षेत्र की किसी आरा मशीन तक ले जाया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि वर्तमान समय में वन माफियाओं द्वारा रात के अंधेरे का फायदा उठाकर प्रतिबंधित लकड़ियों की अवैध कटान और तस्करी की जा रही है। इस संबंध में शिकायत मिलने पर वन रेंजर मयंक सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपनी टीम के साथ खनवहां संपर्क मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान आम की लकड़ी से लदी अपंजीकृत ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ा गया और उसे वन रेंज देवां परिसर में खड़ा कराया गया।
वन रेंजर मयंक सिंह ने बताया कि पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्राली में आम की गोल लकड़ी लदी थी, जो वन उपज अभिवहन नियमावली का उल्लंघन है। इस मामले में अभियुक्त रिंकू पुत्र सुकई निवासी ग्राम व पोस्ट खनवहां, थाना देवां के विरुद्ध वन उपज अभिवहन नियमावली 1978 की धारा 3 व 28 के अंतर्गत मुकदमा संख्या 70/2025-26 दर्ज किया गया है। अवैध ट्रैक्टर-ट्राली को सीज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान वन दरोगा मनोज कुमार, बीट प्रभारी राजेश मिश्रा तथा वनकर्मी सुल्तान मौके पर मौजूद रहे। वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है।