बाराबंकी में विदाई से ठीक पहले दुल्हन लापता, 3 बीघा जमीन गिरवी रखकर लाया था दूल्हा बारात

बाराबंकी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घुंघटेर थाना क्षेत्र के एक गांव से मंगलवार को नगर कोतवाली क्षेत्र के बंकी कस्बे पहुंची बारात में सब कुछ खुशी-खुशी चल रहा था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि विदाई से कुछ ही क्षण पहले ऐसा बड़ा हादसा हो जाएगा। देर रात शादी की सभी रस्में संपन्न होने के बाद बुधवार सुबह जैसे ही विदाई की तैयारी शुरू हुई, अचानक सूचना मिली कि दुल्हन पल्लवी घर से गायब है।

बताया गया कि मंगलवार को बारात बंकी पहुंची थी, जहां लड़की पक्ष ने बारातियों का भव्य स्वागत किया। देर रात दूल्हा सुनील कुमार और दुल्हन पल्लवी के बीच जयमाल, फेरे और सभी रस्में पूरी हुईं। दोनों ने मंच पर एक साथ नृत्य कर खुशियां भी मनाईं। लेकिन सुबह होते ही खुशियों का माहौल मातम में बदल गया जब घरवालों को पता चला कि दुल्हन कहीं नहीं है। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन पल्लवी का कोई पता नहीं चला।

जानकारी के अनुसार दूल्हा सुनील इंटर पास है और दो भाइयों में बड़ा है। दुल्हन पल्लवी ने कक्षा आठ तक पढ़ाई की थी। सुनील के पास कुल तीन बीघा जमीन थी, जिसे उसने शादी की तैयारी के लिए 1 लाख 60 हजार रुपये में गिरवी रख दिया था। इसी पैसे से उसने दुल्हन के लिए जेवर खरीदे थे। बारात में 11 गाड़ियां किराए पर लेकर सुनील करीब 90 बारातियों के साथ लड़की पक्ष के घर पहुंचा था।

रात भर उत्साह से भरा दूल्हा सुनील यह नहीं जानता था कि विदाई की घड़ी आने से पहले ही उसकी खुशियों पर ग्रहण लग जाएगा। दुल्हन के गायब होने की खबर लगते ही बारातियों में अफरा-तफरी मच गई। सुनील ने बताया कि वह शादी को लेकर बेहद खुश था, उसने अपनी मेहंदी में पल्लवी का नाम तक लिखवाया था। लेकिन विदाई से ठीक पहले दुल्हन के अचानक गायब हो जाने से उसका संसार बिखर गया। तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई।

पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों तक पूछताछ व तलाश का सिलसिला जारी रहा, लेकिन दोपहर तक भी दुल्हन पल्लवी का कोई सुराग नहीं मिल पाया। अंततः दूल्हा सुनील और उसके पिता की शिकायत पर बंकी पुलिस चौकी ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब दुल्हन के लापता होने की सभी संभावनाओं पर जांच कर रही है।