बाराबंकी में 10 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

बाराबंकी। जिले के थाना मसौली पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनामी शातिर बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गौ तस्करी समेत कई मामलों में वांछित चल रहा था और उसके खिलाफ थाना सफदरगंज व मसौली में लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
रविवार देर रात स्वाट टीम व मसौली थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस धरौली मोड़ के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जकरिया की ओर से एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही पकड़ लिया गया।
एडिशनल एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान उस्मान उर्फ कलेजी पुत्र मुन्ना निवासी ग्राम बांसा, थाना मसौली, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
घायल बदमाश को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ा गांव में भर्ती कराया गया है। वह गोवध निवारण अधिनियम में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक बाराबंकी द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।