
बाराबंकी | हैदरगढ़। श्रावण माह के पहले सोमवार पर श्रद्धालुओं के लिए दुखद हादसा हो गया। हैदरगढ़ क्षेत्र के प्रसिद्ध अवसानेश्वर महादेव मंदिर में जल चढ़ाने आए श्रद्धालुओं के बीच करंट दौड़ने से भगदड़ मच गई। हादसे में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी को एंबुलेंस की मदद से उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है।
बंदर की हरकत ने लिया भयावह रूप
मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु लाइन में लगे थे। लोहे की बैरिकेटिंग के ऊपर टीनशेड लगाया गया था। उसी टीनशेड पर एक बंदर के कूदने से बिजली के तार खिंच गए और करंट बैरिकेटिंग में दौड़ गया। सैकड़ों की संख्या में लाइन में खड़े श्रद्धालुओं को तेज झटका लगा, जिसके कारण अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
मंदिर परिसर में फैली भगदड़, पुलिस से झड़प
करंट की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद पुलिस बल भीड़ को नियंत्रित करने में जुटा, लेकिन घायलों के परिजन आक्रोशित होकर पुलिस से उलझने लगे। कुछ श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार मौके पर ही दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी हैदरगढ़ और त्रिवेदीगंज अस्पताल भेजा गया।
टीनशेड के नीचे मंदिर में भी लगे झटके
सिर्फ बाहर ही नहीं, मंदिर के अंदर भी जल चढ़ाने पहुंचे कई श्रद्धालु करंट की चपेट में आ गए। रात करीब 2:00 बजे बिजली पूरी तरह बंद कर दी गई। उसके बाद मंदिर परिसर में स्थिति सामान्य की गई और कुछ समय बाद जलाभिषेक पुनः प्रारंभ हुआ।
“घटना की जांच के आदेश”
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी बाराबंकी ने मौके का संज्ञान लिया और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा —
“यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। घायलों को पूरा इलाज मिल रहा है और विद्युत विभाग को तत्काल जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।”