
रिपोर्ट : पंकज चतुर्वेदी
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित सफेदाबाद के हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में मंगलवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक युवक को हिरासत में लिया। युवक पर आतंकी संगठनों से संपर्क होने का शक जताया जा रहा है, जिसे लेकर उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
हिरासत में लिया गया युवक राम लखन पुत्र झम्मन बताया जा रहा है, जो बदोसराय थाना क्षेत्र के खोर एतमादपुर गांव का निवासी है। वह दिल्ली में एक ऑटो स्पेयर पार्ट्स कंपनी में काम करता है और अपनी कैंसर पीड़ित मां के इलाज के लिए दो दिन पहले बाराबंकी आया था। मंगलवार सुबह वह हिंद इंस्टीट्यूट में मां के साथ मौजूद था, तभी एनआईए और एटीएस की टीम अस्पताल पहुंची और पूछताछ के बाद उसे अपने साथ ले गई।
सूत्रों के मुताबिक, सुबह करीब आठ बजे एटीएस और एनआईए की छह गाड़ियां एक साथ हिंद इंस्टीट्यूट और खोर एतमादपुर गांव पहुंचीं। अस्पताल परिसर में पूछताछ के बाद राम लखन को लखनऊ ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है। इसके साथ ही टीम ने उसके पैतृक गांव स्थित घर की भी गहन तलाशी ली। मशीनों की मदद से करीब आधे घंटे तक घर के हर कोने की जांच की गई, हालांकि किसी आपत्तिजनक वस्तु की बरामदगी की सूचना नहीं है।
राम लखन के छोटे भाई शिवम ने बताया कि उनकी मां कैंसर से पीड़ित हैं और इलाज हिंद इंस्टीट्यूट में चल रहा है। पिता झम्मन और भाई राम लखन अस्पताल में मां के साथ थे, तभी यह कार्रवाई हुई। ग्रामीणों के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। राम लखन के पिता के पास करीब 16 बीघा खेती है, जिसमें से 8 बीघा जमीन पत्नी के इलाज के लिए गिरवी रखी गई है।
जानकारी के अनुसार राम लखन सोशल मीडिया पर भी सक्रिय है। उसका ‘रामलखन पासी 3628’ नाम से फेसबुक अकाउंट बताया जा रहा है, जिसके करीब 6.3 हजार फॉलोअर्स हैं। हाल ही में उसने 2 फरवरी को सीतापुर स्थित महाराजा छीता पासी के किले पर जाने से जुड़ा एक पोस्ट साझा किया था, जिसकी भी जांच एजेंसियां पड़ताल कर रही हैं।
मामले में बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने हिरासत की पुष्टि करते हुए बताया कि बदोसराय के खोर एतमादपुर गांव और हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में छापेमारी की गई है। राम लखन पर आतंकियों से कनेक्शन होने का शक है। एटीएस और एनआईए की टीम उसे लखनऊ ले गई है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। स्थानीय स्तर पर भी जांच जारी है।