नमो नारायणी मंगल महोत्सव: कल सजने लगा दादी मां का दरबार

हैदरगढ़ (बाराबंकी)।श्री नारायणी मंगल महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को गोपाष्टमी के पावन अवसर पर गौ पूजा और भट्टी पूजन के साथ हुआ। आगामी 31 अक्टूबर को सार्वजनिक इंटर कॉलेज मैदान में भव्य रूप से “नमो नारायणी मंगल महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा।
उत्सव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और परिसर में भक्ति का वातावरण व्याप्त है। जगह-जगह सजावट और दादी मां के दरबार की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं।

संस्थान के अध्यक्ष राजकुमार झुनझुनवाला ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी महोत्सव का आयोजन पूर्ण श्रद्धा और उल्लास के साथ किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे रामलीला कोठी से गाजे-बाजे के साथ विशाल शोभायात्रा से होगा। शोभायात्रा में भारी संख्या में महिलाएं कलश लेकर शामिल होंगी और नमो नारायणी दादी मां पालकी पर विराजमान होकर भक्तों का आशीर्वाद देंगी।

शोभायात्रा के दौरान रास्ते में भक्तगणों द्वारा जगह-जगह आरती और पूजन किया जाएगा।
शोभायात्रा का समापन सार्वजनिक इंटर कॉलेज मैदान में होगा, जहां दिन में 12 बजे से वाराणसी की मंगल पाठ वाचिका पायल अग्रवाल द्वारा मंगल पाठ किया जाएगा।

पाठ समापन के बाद भजन प्रवाहक कीर्ति गुप्ता (कोलकाता) और आकाश परिचय (गिरिडीह) के भक्तिमय भजनों से वातावरण भावविभोर होगा।
इसके बाद कोलकाता की कृष्णा नृत्य नाटिका टीम द्वारा सुंदर झांकियों और फूलों की होली का अद्भुत प्रदर्शन किया जाएगा।

कार्यक्रम का समापन रात्रि 11 बजे वाराणसी से आए आचार्य द्वारा गंगा जी की महाआरती से होगा।

अध्यक्ष राजकुमार झुनझुनवाला ने बताया कि आज गोपाष्टमी पर गौमाता की पूजा कर उन्हें गुड़ खिलाया गया, साथ ही कार्यक्रम स्थल पर भट्टी पूजन भी किया गया।
संस्थान के सभी सदस्य और पदाधिकारी नमो नारायणी उत्सव को भव्य और भक्ति मय बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग दे रहे हैं।

मोटी सेठानी का दरबार सार्वजनिक इंटर कॉलेज मैदान में सजने लगा है और पूरे हैदरगढ़ में “नमो नारायण” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा है।