
बाराबंकी (कोठी)। कोठी थाना क्षेत्र के मदारपुर चौराहे के पास शुक्रवार रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दोनों चालकों की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उनके लोहे के पुर्जे सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। धमाके की आवाज आसपास के इलाकों तक सुनाई दी।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने खून से लथपथ दोनों घायलों को तत्काल कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान दीपक कुमार निवासी पूरे खुशली (मजरा नसीरपुर) और रवि पुत्र हरिश्चंद्र निवासी मोहम्मदपुर हुसैन बक्स के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक सैदपुर पुरई स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि आवश्यक लिखा-पढ़ी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।