बाराबंकी: जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष, 5 लोग घायल


मसौली, बाराबंकी। थाना क्षेत्र देवकलिया में शनिवार की सुबह जमीनी विवाद के चलते खूनी संघर्ष में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। विवाद की शुरुआत दो पक्षों के बीच खरही लगाने को लेकर हुई थी।

घटना के बाद मसौली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी बड़ागांव में प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, विवादित भूमि गाटा संख्या 602, रकबा 9 एर राजस्व अभिलेखों में इदरीश पुत्र अमीरे के नाम दर्ज है। इसके बगल में स्थित राम किरेश की गाटा संख्या 600 भूमि है। कब्जेदारी को लेकर राम किरेश और इदरीश कई बार विवाद कर चुके हैं। कोर्ट ने स्थगन आदेश जारी किया था, लेकिन गत 8 अक्टूबर को राम किरेश ने पुआल की खरही लगा दी।

इदरीश ने जब शनिवार की सुबह उसी भूमि पर खरही लगाने का प्रयास किया, तो राम किरेश, विकास, रामहेत पुत्र रामसेवक, अमर यादव पुत्र संतराम, रमई पुत्र अरविंद, राकेश और रामकिशुन ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में भीषण मारपीट शुरू हो गई।

इस संघर्ष में मो. सलीम, मो. सिद्दीकी पुत्र मैकू और रामहेत व राम किरेश गंभीर रूप से घायल हुए। इसी दौरान घर लौटते समय स्कूल के छात्र एमन शिबली को भी मारपीट में चोट लगी।

पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक चिकित्सा कराई और गंभीर मामलों को जिला अस्पताल रेफर किया। घटना से इलाके में तनाव व्याप्त है।