फाल्गुनी मेला निरीक्षण को पहुंचे डीएम-एसपी, श्री लोधेश्वर महादेवा में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

रामनगर, बाराबंकी। श्री लोधेश्वर महादेवा धाम में आयोजित फाल्गुनी मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने शनिवार दोपहर बाद जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दोपहर करीब दो बजे डीएम और एसपी महादेवा स्थित ऑडिटोरियम पहुंचे, जहां उन्होंने मेला व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में की गई बैरिकेडिंग, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, साफ-सफाई सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। डीएम और एसपी ने ऑडिटोरियम व बोहनिया तालाब पर लगाई गई बैरिकेडिंग जाल की स्थिति देखी और श्रद्धालुओं के पूजन-दर्शन के लिए बनाए गए होल्डअप बैरिकेडिंग की मजबूती को परखा।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग द्वारा बनाए गए रैन बसेरा का भी जायजा लिया गया। बंद पड़े आरओ की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उसे शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों ने अभरण सरोवर तालाब पहुंचकर वहां की बैरिकेडिंग और महिलाओं के लिए बनाए गए चेंजिंग रूम का निरीक्षण किया। पंचायत भवन के पास बने शौचालयों को नियमित रूप से चालू रखने के निर्देश भी दिए गए।
मेला बाग में दुकानों की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए अधिकारियों ने कई स्थानों पर कीचड़ और जलभराव पाए जाने पर तत्काल मिट्टी डलवाकर रास्ते दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। पीएचसी के सामने बने रैन बसेरा का निरीक्षण कर प्रकाश, शौचालय व अन्य सुविधाएं दुरुस्त कराने को कहा गया। साथ ही खंड विकास अधिकारी सूरतगंज से व्यवस्थाओं की फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। महादेवा-लोधौरा मार्ग के किनारे पीडब्ल्यूडी द्वारा डाली गई गिट्टियों और केसरीपुर-महादेवा मार्ग के गड्ढों को भी तत्काल समतल कराने के आदेश दिए गए।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने आदि देव महादेव शिवलिंग का विधिवत पूजन-अर्चन कर जनकल्याण की कामना की और मेले में आए श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।
इस अवसर पर अपर मुख्य विकास अधिकारी ए. सुदन, एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, सीएमओ अवधेश कुमार यादव, अधिशासी अभियंता शशिकांत सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामनगर, सीओ रामनगर, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, बीडीओ देवेंद्र सिंह, सीएचसी अधीक्षक प्रणव श्रीवास्तव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।