
फतेहपुर-बाराबंकी। थाना कुर्सी क्षेत्र के गांव लोहारपुर में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात नहीं बल्कि अपने ही परिवार के सदस्य द्वारा राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के प्रदेश सचिव को गोली मार दी गई। गोली लगने से नेता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें परिजनों द्वारा तत्काल लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
घटना थाना कुर्सी क्षेत्र के गांव लोहारपुर की है। जानकारी के अनुसार रालोद के प्रदेश सचिव अफसर अली सोमवार को एक मित्र के निधन पर आयोजित जनाजे में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव लोहारपुर आए थे। जनाजे में मिट्टी देने के बाद वह गांव की एक दुकान पर जल रहे अलाव के पास अपने परिचितों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान संपत्ति विवाद को लेकर उनके सगे भतीजे उबैद ने अचानक तमंचे से उन पर फायर झोंक दिया, जिससे अफसर अली गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोली की आवाज सुनते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। आनन-फानन में परिजनों ने घायल नेता को लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी जगतराम कनौजिया मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस पूछताछ में घायल नेता के परिजनों ने बताया कि गांव में स्थित पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। जमीन पर बड़े भाई और छोटे भाई खेती करते आ रहे हैं। जब अफसर अली ने अपने हिस्से की मांग की तो परिजन नाराज हो गए। कई बार मांग के बावजूद बंटवारा न होने पर करीब दो माह पूर्व एसडीएम न्यायालय में भूमि बंटवारे को लेकर वाद दायर किया गया था। इसी रंजिश में भतीजे उबैद ने गोली मारने की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई, जिसमें पूरी घटना कैद होना बताया जा रहा है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी जगतराम कनौजिया ने बताया कि मामला भूमि विवाद से जुड़ा है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। सभी तथ्यों की जांच कर विधिक एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।