
बाराबंकी। भाजपा के वरिष्ठ नेता राम अवध यादव ने दावा किया है कि यदि पार्टी ने उन पर भरोसा जताया तो वे नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के किले को ध्वस्त कर देंगे। सोमवार को एक साक्षात्कार के दौरान उन्होंने कहा कि वे भाजपा के एक समर्पित छोटे कार्यकर्ता हैं और लंबे समय से पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने नवाबगंज सीट से अपनी दावेदारी भी खुलकर रखी।
राम अवध यादव ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सामाजिक कुरीतियों को दूर कर राष्ट्रवाद की अलख जलाने का कार्य करती है। इसी कारण आम जनमानस भाजपा से जुड़ रहा है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां अन्य पार्टियां जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति कर रही हैं और विशेष समुदाय के वोटों को साधने में लगी हैं, वहीं भाजपा ने कभी जाति या धर्म के आधार पर राजनीति नहीं की। भाजपा में सभी धर्मों और वर्गों का समान सम्मान है।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग को बिना किसी भेदभाव के मिल रहा है। पात्रता रखने वाला हर व्यक्ति, चाहे वह किसी भी धर्म या मजहब का हो, योजनाओं से लाभान्वित हो रहा है।
भाजपा नेता ने दावा किया कि वे पिछले कई वर्षों से नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार कर रहे हैं और अधिकांश ग्रामीण मतदाता भाजपा की नीतियों से संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों से नवाबगंज विधानसभा सीट पर सपा का कब्जा है, लेकिन इस दौरान विकास के नाम पर सिर्फ जातिवाद की राजनीति की गई।
राम अवध यादव ने कहा कि वे एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। यदि पार्टी ने उन्हें प्रत्याशी बनाया तो वे नवाबगंज विधानसभा से सपा का किला ढहा देंगे और आजादी के बाद पहली बार इस क्षेत्र में भाजपा का कमल खिलाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि वे प्रतिदिन क्षेत्र में जाकर कार्यकर्ताओं से संपर्क कर रहे हैं और उनके सुख-दुख में सहभागी बन रहे हैं। कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है और उनका मानना है कि इस बार यदि पार्टी ने सही प्रत्याशी उतारा तो जीत ऐतिहासिक होगी। राम अवध यादव ने कहा कि वे कोई बड़े नेता नहीं हैं और न ही किसी वरिष्ठ नेता का संरक्षण उन्हें प्राप्त है, लेकिन उन्हें विश्वास है कि पार्टी नेतृत्व उनकी मेहनत और समर्पण पर जरूर ध्यान देगा।