
बाराबंकी। थाना मसौली और सफदरगंज की संयुक्त पुलिस टीम ने शुक्रवार की भोर में हुई मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौ तस्कर को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। एडिशनल एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि दोनों थानों की पुलिस अपने-अपने क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी नेवला करसण्डा, आईआईटी मार्ग की ओर से एक संदिग्ध व्यक्ति के मोटरसाइकिल से आने की सूचना मिली।
पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर संदिग्ध को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बड़ागांव भेजा गया।
घायल बदमाश की पहचान बकरीदी उर्फ गरीबा पुत्र स्व. हसन निवासी बंजारनपुरवा (जमालपुर), थाना मसौली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी थाना मसौली में गोवध निवारण अधिनियम के तहत वांछित था और उसके खिलाफ बहराइच, सीतापुर, बलरामपुर, श्रावस्ती व बाराबंकी समेत विभिन्न जनपदों में डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ के बाद हिंदू संगठनों ने कोतवाल अजय प्रकाश त्रिपाठी की सराहना की है।