
कलश यात्रा
रिपोर्ट: रजत गुप्ता
जसवंतनगर/इटावा। बसंत ऋतु के स्वागत में नगर में आयोजित होने वाले वार्षिक बसंत महोत्सव का शुभारंभ बुधवार 14 जनवरी को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। प्रख्यात ब्रह्मलीन संत खटखटा बाबा की पवित्र कुटिया से सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया। कलश यात्रा में महिलाओं, किशोरियों और श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी से पूरा नगर भक्ति, उत्साह और उल्लास से सराबोर हो उठा।
कलश यात्रा से पूर्व खटखटा बाबा की कुटिया परिसर में उनकी प्रतिमा के समक्ष श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात बैंड-बाजों की धुन और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ यात्रा नगर भ्रमण के लिए निकली। यात्रा मंडी होमगंज, नगर पालिका कार्यालय, बड़ा चौराहा, सदर बाजार, छोटा चौराहा, पंसारी बाजार, लोहा मंडी, जैन बाजार, कटरा पुख्ता व कटरा बुलाकीदास सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः खटखटा बाबा की कुटिया स्थित कथा स्थल पर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान जगह-जगह व्यापारियों, समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। दस दिनों तक चलने वाले बसंत महोत्सव को लेकर नगर में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजकों ने बताया कि 15 जनवरी से प्रख्यात कथावाचक कोकिल महाराज जी के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा, जो 21 जनवरी तक चलेगी। कथा श्रवण हेतु विशाल पंडाल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं 23 जनवरी को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
फोटो: कलश यात्रा के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी राजीव माथुर व अन्य द्वारा अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत करते हुए।