
बटेश्वर। बटेश्वर क्षेत्र में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जिला पंचायत द्वारा भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इसी को लेकर आज जिला पंचायत अधिकारियों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र प्रसाद, जिला पंचायत सदस्य, अपर मुख्य अधिकारी उमेश चंद्र सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने युवाओं को विशेष अवसर दिए जाने पर जोर दिया। उन्होंने मेला स्थल पर जगह सुनिश्चित करने, गड्ढों में भराव और सड़क मरम्मत की समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
जिला पंचायत ने आश्वासन दिया कि मेला की सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी ताकि श्रद्धालु व स्थानीय लोग बिना किसी परेशानी के मेले का आनंद उठा सकें। बैठक में यह भी तय हुआ कि 14 अक्टूबर 2025 से बटेश्वर का ऐतिहासिक पशु मेला प्रारंभ होगा और इसी दिन से व्यापारियों के पशुओं का पंजीकरण भी शुरू हो जाएगा।
प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार का मेला श्रद्धालुओं और व्यापारियों के लिए सुविधाजनक और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो।