QS एशियन यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026: BBAU लखनऊ ने दर्ज की उल्लेखनीय उपलब्धि

लखनऊ। राजधानी के बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय ने QS एशियन यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए दक्षिण एशिया क्षेत्र में 254वां स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने वैश्विक स्तर पर 801–850 बैंड में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, मजबूत शोध संस्कृति और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान को दर्शाती है। इस रैंकिंग में स्थान बनाना BBAU के लिए एक अहम मील का पत्थर माना जा रहा है, जो संस्थान के निरंतर विकास और गुणवत्ता उन्नयन के प्रयासों को प्रतिबिंबित करता है।

इस विशेष उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरे विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि QS एशियन यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में शामिल होना और दक्षिण एशिया में 254वां स्थान प्राप्त करना सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

कुलपति ने कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता की सराहना

बीबीएयू कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने शिक्षकों, शोधकर्ताओं और कर्मचारियों के समर्पण, कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षण, अनुसंधान, नवाचार और संस्थागत विकास में सभी के योगदान ने इस सफलता को संभव बनाया है। कुलपति ने यह भी कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की सुदृढ़ होती शोध संस्कृति, बेहतर शैक्षणिक मानकों और बढ़ती वैश्विक सहभागिता का प्रमाण है।

उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने पर जोर

विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने इस सफलता को भविष्य के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय अब और अधिक उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अनुसंधान सहयोग को मजबूत करने, शैक्षणिक दृश्यता बढ़ाने और सभी कार्यों में उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी सदस्यों से नए उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ मिलकर कार्य करने का आह्वान किया, ताकि बीबीएयू को आने वाले समय में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।