BBAU में अंबेडकर जयंती-स्थापना दिवस पर होगा चार दिवसीय भव्य आयोजन: 13 अप्रैल को पूर्व राष्ट्रपति करेंगे छात्रों को संबोधित

लखनऊ। राजधानी के बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में शुक्रवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में 11 से 14 अप्रैल 2026 तक होने वाले ‘भारतरत्न बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर जयंती’ एवं ‘विश्वविद्यालय स्थापना दिवस’ कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की गई। कुलपति प्रो. मित्तल ने बताया कि चार दिवसीय इस आयोजन में भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम केवल औपचारिक न होकर विद्यार्थियों के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें राष्ट्रीय संगोष्ठियों, सांस्कृतिक गतिविधियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।

कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने बताया कि विश्वविद्यालय उद्यमिता के माध्यम से समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है, जो बाबासाहेब अम्बेडकर के समतामूलक समाज के विचारों से प्रेरित है। वर्तमान समय में रोजगार की कमी और मानवीय मूल्यों के क्षरण जैसी चुनौतियों को देखते हुए विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप कई पहलें शुरू की हैं। इनमें ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन एआई’ की स्थापना, स्किल आधारित शॉर्ट टर्म कोर्स, ओपन इलेक्टिव और सर्टिफिकेट कोर्स शामिल हैं।

इसके साथ ही इन्क्यूबेशन सेंटर, हॉबी क्लब और विभिन्न मंचों के जरिए विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा विकसित करने के अवसर दिए जा रहे हैं। मानसिक स्वास्थ्य, भारतीय ज्ञान परंपरा और सतत विकास लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए युवाओं को सक्षम उद्यमी बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कुलपति ने अमेठी परिसर में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित अधोसंरचना और मिनी ऑडिटोरियम का भी उल्लेख किया।

11 अप्रैल: महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर राष्ट्रीय संगोष्ठी

11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर ‘राष्ट्रीय शिक्षा ही समावेशी विकास का आधार’ विषय पर एकदिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित होगी। इसकी अध्यक्षता कुलपति प्रो. मित्तल करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राज्य शिक्षा मंत्री डॉ. संजय पासवान उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में प्रो. सदानंद के. भोंसले, प्रो. शिल्पी वर्मा, प्रो. शूरा दारापुरी और प्रो. एम. रवि कुमार भी शामिल होंगे। इस अवसर पर ईएमएमआरसी, बीबीएयू द्वारा महात्मा फुले के जीवन और योगदान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जाएगा।

12 अप्रैल: अम्बेडकर के विचारों पर संगोष्ठी

12 अप्रैल को ‘समावेशी विकास, विकसित भारत का आधार: डॉ. भीमराव अम्बेडकर की दृष्टि में’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री प्रो. सतीश चन्द्र द्विवेदी, प्रो. सुदर्शन वर्मा, प्रो. एसके. चहल और प्रो. चंद्रशेखर प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।

13 अप्रैल: पूर्व राष्ट्रपति कोविंद करेंगे छात्रों को संबोधित

13 अप्रैल को भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज, मुंबई के कुलपति प्रो. बद्री नारायण तिवारी, प्रो. केएल. महावर और प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में उत्कृष्ट उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।

14 अप्रैल: अम्बेडकर जयंती व स्थापना दिवस का मुख्य समारोह

14 अप्रैल को आयोजित मुख्य समारोह की अध्यक्षता कुलपति प्रो. मित्तल करेंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। साथ ही डिक्की के फाउंडर चेयरमैन शशांक कुंवर सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।

विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी होगा आयोजन

चार दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 11 अप्रैल को एक्सटेम्पोर और स्लोगन प्रतियोगिता, 12 अप्रैल को पोस्टर प्रतियोगिता, जबकि वाद-विवाद और रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। 13 अप्रैल को निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहीं इस प्रकार बीबीएयू में आयोजित यह चार दिवसीय कार्यक्रम शिक्षा, संस्कृति और नवाचार का समन्वय प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा देने का प्रयास करेगा।