
कोसीकलां/छाता। छाता विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसलों का जायजा लेने के लिए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण चौधरी ने शनिवार को अधिकारियों के साथ विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है और प्रभावित किसानों को शत-प्रतिशत मुआवजा दिलाया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने उपजिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी तथा बीमा कंपनी के अधिकारियों के साथ गांव बरका, नगरिया, खरोट, पैगांव, फालैन, बुखरारी, कामर, नंदगांव, भडोकर, बठैन, कोसीकला, कोसी देहात, धानोता, शाहपुर, ऐंच सहित कई गांवों में पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल नुकसान का सर्वे युद्धस्तर पर कराया जाए, ताकि किसानों को शीघ्र बीमा राशि एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और किसी भी प्रभावित किसान को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
इस दौरान मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी ने कहा कि पूरे छाता विधानसभा में मुआवजे से एक भी किसान वंचित नहीं रहेगा और हर किसान को सहायता दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार छाता सचिन पंवार, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र पंडित, जुगन प्रधान, करतार, नरवीर, बॉबी बौहरे, फैली प्रधान, अमर सिंह, सबरजीत, देशराज, योगेश सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।