मां दुर्गा की विसर्जन यात्रा में उमड़ा भक्तों का सैलाब, नगर भक्तिमय

हरदोई/बेनीगंज। 15वें दुर्गा पूजा नवरात्रि महोत्सव के समापन के अवसर पर बेनीगंज नगर में मां दुर्गा की विसर्जन यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों भक्तों ने भाग लिया। महिला, पुरुष और बच्चे सभी उत्साह और श्रद्धा के साथ शामिल हुए। यात्रा के दौरान जय माता दी के नारे और भजनों की गूंज से पूरा नगर भक्तिमय हो गया।

इस वर्ष भी रामलीला मैदान पर भव्य दुर्गा महोत्सव संपन्न हुआ, जिसकी शुरुआत 22 सितंबर से हुई थी। कार्यक्रम के समाप्त होने के बाद पूर्णाहूति हवन और कन्याभोज भंडारा संपन्न हुआ। विसर्जन यात्रा तीन मुख्य मार्गों—रामलीला मैदान, कृष्णा नगर और मुराऊ टोला—से निकाली गई, जिसमें मां दुर्गा की प्रतिमाएं शामिल थीं।

यात्रा में ढोल, नगाड़े और डीजे पर भजनों की धुन पर भक्त थिरकते नजर आए। नगर भ्रमण करते हुए यात्रा प्रताप नगर चौराहा से देवेश्वर धाम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने माता की प्रतिमाओं का विसर्जन किया। भक्तों के लिए बस स्टॉप, साई धाम मंदिर और प्रताप नगर पर प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई।

विसर्जन यात्रा के दौरान कोतवाली प्रभारी ओम प्रकाश सरोज और पुलिस प्रशासन पूरे समय अलर्ट रहे। पुलिस महकमा यात्रा के साथ चलते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करता नजर आया।

इस अवसर पर सुरेंद्र गुप्ता उर्फ कल्लू, नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि रूपेश अंजाना, मंडल अध्यक्ष रोहित वैश्य, नगर अध्यक्ष लव कुमार मिश्रा, दुर्गा शरण वर्मा, रमेश सिंह सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे नगर में उत्सव और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला।