भाकियू अराजनैतिक में शामिल हुए किशोरी लाल पटेल, वृहद सदस्यता अभियान को मिली मजबूती

गोसाईगंज, लखनऊ। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक द्वारा चलाए जा रहे वृहद सदस्यता अभियान के तहत वरिष्ठ बुजुर्ग किसान नेता किशोरी लाल पटेल ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। यह सदस्यता अभियान प्रदेश अध्यक्ष हरिनाम सिंह वर्मा की अध्यक्षता में संचालित किया जा रहा है। किशोरी लाल पटेल इससे पूर्व भाकियू टिकैत में जिला अध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं और किसान आंदोलनों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
सदस्यता कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता महेश प्रधान, मानसिंह वर्मा, मनीष पटेल काका, जग्गी लाल मौर्या, ओम प्रकाश, राम लखन, बद्री, राजेंद्र राठौड़, रमेश शर्मा, श्रीराम, उदल रावत, शैलेंद्र वर्मा, बद्री प्रसाद, बाबूलाल, रामचंद्र, बहादुर सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष हरिनाम सिंह वर्मा के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद किशोरी लाल पटेल ने कहा कि वह हमेशा की तरह जीवन की अंतिम सांस तक किसानों के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने संगठन के संघर्षों में कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने का संकल्प लिया। भाकियू अराजनैतिक द्वारा प्रदेश भर में चलाया जा रहा यह सदस्यता अभियान किसानों को संगठित कर उनके हितों की रक्षा के उद्देश्य से आगे बढ़ाया जा रहा है।