
भारत निर्वाचन आयोग ने पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। आयोग के अनुसार सभी राज्यों के चुनाव अप्रैल महीने में कराए जाएंगे, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही संबंधित राज्यों में आचार संहिता भी प्रभावी हो गई है।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक असम में मतदान 9 अप्रैल को कराया जाएगा और वोटों की गिनती 4 मई को होगी। वहीं तमिलनाडु में एक चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना 4 मई को की जाएगी।
पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में आयोजित होंगे। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। यहां भी मतगणना 4 मई को ही होगी।
इसके अलावा केरल में 9 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा, जबकि पुडुचेरी में भी 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इन दोनों जगहों पर भी मतगणना 4 मई को होगी।
चुनाव आयोग के मुताबिक सभी राज्यों में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ निगरानी व्यवस्था भी कड़ी की जाएगी।