
लखीमपुर खीरी, 08 जनवरी। नेपाल में आगामी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव 2026 के चुनाव को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को भारत-नेपाल समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक नेपाल में सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों ने चुनाव अवधि के दौरान सीमा पर विशेष निगरानी, अपराध नियंत्रण, मादक पदार्थों की तस्करी रोकने तथा सूचना के त्वरित आदान-प्रदान पर सहमति जताई।
बैठक में भारत की ओर से लखीमपुर खीरी तथा नेपाल की ओर से कैलाली और कंचनपुर अंचल के वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस एवं सशस्त्र बलों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक की शुरुआत दोनों देशों के अधिकारियों के परिचय के साथ हुई, जिसके बाद चुनाव के मद्देनजर सीमा पर चौकसी, अपराधियों की धरपकड़ और अंतरराष्ट्रीय सीमा के दोनों ओर अपराधियों को संरक्षण न मिलने देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा कर कार्ययोजना तैयार की गई।
इस अवसर पर सीडीओ कैलाली हीरालाल रेग्मी और सीडीओ कंचनपुर मदन कोइराला ने कहा कि चुनाव के सफल आयोजन के लिए भारत का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के अच्छे संबंध भविष्य में और मजबूत होंगे।
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने नेपाल के अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल सीमा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों से जुड़ा “रोटी-बेटी” का अटूट बंधन है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन, पुलिस और एसएसबी नेपाल के चुनावी प्रक्रिया में हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। डीएम ने कहा कि इस समन्वय से सीमा सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर, रियल टाइम सूचना साझा करना और आपात सेवाओं की निर्बाध आवाजाही प्राथमिकता में रहेगी। एएसपी पवन गौतम ने कहा कि भारत की ओर से लगातार पेट्रोलिंग जारी है और नेपाल से मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में भारतीय पक्ष से डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी पवन गौतम, एसडीएम डॉ. अवनीश, राजीव निगम, कमांडेंट 39 बटालियन आरके राजेश्वरी, डिप्टी कमांडेंट ऑपरेशन विजेंद्र कुमार सिंह, कमांडेंट 49 बटालियन शेर सिंह चौधरी, सेकेंड इन कमांडेंट थर्ड बटालियन एमडी तमांग, कमांडेंट 70 बटालियन राजन श्रीवास्तव, जिला आबकारी अधिकारी राजवीर सिंह उपस्थित रहे। वहीं नेपाल की ओर से मुख्य जिलाधिकारी कैलाली हीरालाल रेग्मी, मुख्य जिलाधिकारी कंचनपुर मदन कोइराला, असिस्टेंट चीफ डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर किरण जोशी व मोहन चंद्र जोशी, एसपी कैलाली नरेंद्र चंद, एसपी कंचनपुर खड़ग बहादुर खत्री, एसपी एपीएफ कैलाली लोकेंद्र देव भट्ट, एसपी एपीएफ कंचनपुर सुरेंद्र राज रंजीत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।