भारत पर्व 2025 में उत्तर प्रदेश पर्यटन की दमदार झलक, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया यूपी पवेलियन का भ्रमण

लखनऊ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित भारत पर्व 2025 में उत्तर प्रदेश पर्यटन और संस्कृति विभाग ने अपनी शानदार प्रस्तुति से देशभर का ध्यान आकर्षित किया। बुधवार को आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह तथा जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि भारत पर्व केवल संस्कृति का उत्सव नहीं, बल्कि यह एकता, गौरव और राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश घरेलू पर्यटन में देश में अग्रणी है। वर्ष 2025 की पहली छमाही (जनवरी से जून) में प्रदेश में एक अरब से अधिक पर्यटक पहुंचे, जो अभूतपूर्व वृद्धि को दर्शाता है। उन्होंने इसे राज्य सरकार की योजनाओं और पर्यटन विभाग के सतत प्रयासों का परिणाम बताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व मंत्री जयवीर सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल की विशाल मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर का भ्रमण किया। सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 1 से 15 नवंबर तक चल रहे भारत पर्व 2025 में उत्तर प्रदेश की सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

भारत पर्व में उत्तर प्रदेश की झलक उसकी समृद्ध संस्कृति, लोककला, संगीत, कन्नौज के इत्र की सुगंध और पारंपरिक व्यंजनों के रूप में देखने को मिली। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के पवेलियन में राज्य के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटक स्थलों की सचित्र जानकारी दी गई। साथ ही हस्तशिल्प, फूड स्टॉल, कठपुतली शो, स्टूडियो किचन और थीम पेविलियन ने आगंतुकों को मंत्रमुग्ध किया।

शाम के समय परिसर का मुख्य मंच उत्तर प्रदेश के कलाकारों की प्रस्तुतियों से जगमगा उठा। प्रदेश की ओर से पहुंचे 12 विधाओं के 72 कलाकारों ने शहनाई, शंख, डमरू, कथक, मयूर व राई नृत्य जैसी पारंपरिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को लुभाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और अन्य अतिथियों ने यूपी टूरिज्म स्टॉल का भ्रमण किया। इस दौरान अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा भी पहुंचे, जिनका सम्मान किया गया। गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। विभिन्न राज्यों के नेताओं ने यूपी पर्यटन पवेलियन की सराहना की।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि “भारत पर्व 2025 में उत्तर प्रदेश अपनी संस्कृति, खान-पान, नृत्य और आध्यात्मिकता की विविधता को प्रदर्शित कर रहा है।” उन्होंने बताया कि पवेलियन में अयोध्या के श्रीराम मंदिर, वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ धाम, मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि, बौद्ध सर्किट, स्पिरिचुअल ट्रायंगल, दीपोत्सव, देव दीपावली और रंगोत्सव जैसी परंपराओं को प्रदर्शित किया गया है। साथ ही ईको-टूरिज्म और ग्रामीण पर्यटन की जानकारी भी आगंतुकों को दी जा रही है।

भारत पर्व में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की सहभागिता ने एक बार फिर यह साबित किया कि प्रदेश न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अग्रणी है, बल्कि पर्यटन विकास में भी देश में अग्रणी स्थान रखता है।