
फतेहपुर-बाराबंकी। भारत सरकार की केंद्रीय टीम ने बुधवार को क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने मरीजों से संबंधित सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, पंजिकाओं, उपकरणों एवं संसाधनों के उपयोग की विस्तार से समीक्षा की। टीम ने बीपीएचयू सेंटर, सेंट्रल इंटीग्रेटेड लैब, रजिस्ट्रेशन कक्ष, प्लेबोटॉमी केबिन, 3 पैक्स लीनियर मॉड्यूलर यूनिट, बोर्ड रूम व इंचार्ज कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया।
केंद्रीय टीम ने प्रयोगशाला में जांच सैंपल को लेकर बरती जाने वाली सावधानियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सेंट्रल इंटीग्रेटेड लैब में सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए आधुनिक फर्नीचर लगाए जाने और पूरी लैब को नए भवन में स्थापित करने का सुझाव दिया गया। इसके बाद टीम ने ग्राम झांसा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण कर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, जनरल वार्ड एवं दवाओं की उपलब्धता की जांच की।
टीम ने सीएचसी प्रभारी को सीएचओ व एएनएम की सेवाओं में सुधार तथा मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ. आफताब, सीएचसी प्रभारी अवनीश चौधरी सहित स्वास्थ्य केंद्र का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।