
भटनी (देवरिया)। नगर पंचायत भटनी में बुधवार को तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की अनूठी मिसाल पेश करते हुए भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। भटनी मंडल अध्यक्ष रोहित मिश्रा के नेतृत्व में जंगली जलपा दुर्गा मंदिर से शुरू हुई यह ऐतिहासिक यात्रा नकहनी चौराहा होते हुए विजय मौर्य शहीद स्मारक, छपिया जगदेव तक पहुँची, जहाँ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य रितु शाही मौजूद रहीं।
देशभक्ति गीतों, गगनभेदी नारों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी इस यात्रा ने पूरे नगर को देशप्रेम के रंग में रंग दिया। शहीद विजय मौर्य स्मारक पर श्रद्धांजलि देने के बाद यात्रा पुनः जंगली जलपा दुर्गा मंदिर, रामलीला मैदान और गांधी चौक होते हुए सब्जी मंडी पहुँची, जहाँ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का समापन हुआ।
तिरंगा यात्रा में नगरवासी हाथों में तिरंगा लिए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम भटनी पुलिस ने किए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ।
रितु शाही ने इस अवसर पर कहा कि पुलवामा हमले के बाद भारतीय वीर जवानों ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत जो जवाब दिया, वह हर भारतीय के गर्व का विषय है। उन्होंने नगरवासियों से अपने घर पर तिरंगा फहराने की अपील करते हुए कहा कि यह भावना हर दिल में प्रबल होनी चाहिए।
नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि भटनी की तिरंगा यात्रा हमारे नगर के गौरव और देशप्रेम का प्रतीक है। महिला भाजपा नेता अर्चना पांडेय ने इसे राष्ट्र की आन, बान और शान का प्रतीक बताते हुए इसकी रक्षा का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में रितु शाही, अर्चना पांडेय, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता, भाजपा नेता दीपक वर्मा, पूर्व चेयरमैन रमेशचंद्र वर्मा, भाजपा सेक्टर प्रभारी दुर्गेश शर्मा, कैप्टन रत्नाकर मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य उपेंद्र त्रिपाठी, विजय शंकर मद्धेशिया, अमित तिवारी, सुमन यादव, योगेश प्रजापति, विनोद दीक्षित, राजन सिंह, उत्सव तिवारी, रोशन जमील उर्फ कल्लू, रवि मद्धेशिया राष्ट्रवादी, ज्वल्ल मद्धेशिया, सकुन्तला देवी सहित कई गणमान्य लोग और सैकड़ों नगरवासी शामिल रहे।