भटनी बहादुर यादव महाविद्यालय में दीपावली पर रंगोली व दीप सजाओ प्रतियोगिता आयोजित

भटनी, देवरिया। नगर पंचायत स्थित बहादुर यादव महाविद्यालय (कॉलेज कोड 910) में राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) के तहत शुक्रवार, 17 अक्टूबर 2025 को दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में रंगोली बनाओ दीप सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी सृजनशीलता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण से किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि महाविद्यालय की निदेशिका ममता यादव ने दीपावली के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व अयोध्या में भगवान श्रीराम की वापसी की खुशी में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि घर-आंगन को रंगोली और दीपों से सजाना हमारी प्राचीन परंपरा का हिस्सा है, जो सकारात्मकता और सौंदर्य का प्रतीक है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार तिवारी ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने छात्रों से इस पर्व को स्वच्छता और पर्यावरण संवेदनशीलता के साथ मनाने की अपील की। वहीं उप-प्राचार्य डॉ. आर.एम. यादव ने कहा कि रंगोली से घर-परिवार में सकारात्मक ऊर्जा और सुख-शांति बनी रहती है। दीपावली केवल उत्सव नहीं बल्कि आंतरिक प्रकाश और सद्भावना का संदेश देने वाला पर्व है।

कार्यक्रम में डॉ. अनूप कुमार, डॉ. कंचन मिश्रा, तारा ठाकुर, प्रतिभा पटेल, वीरेन्द्र प्रताप विश्वकर्मा, राजीव शर्मा, दिवाकर यादव, अनीता विश्वकर्मा, शिवशंकर मौर्य, दुर्गेश यादव, राहुल यादव, मार्कंडेय यादव, संदीप यादव सहित महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएँ एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा किया गया, जबकि अंत में प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। छात्र-छात्राओं की रंगोली और दीप सजावट ने महाविद्यालय परिसर को सुंदर और उल्लासपूर्ण बना दिया, जिससे दीपावली का संदेश और भी सजीव रूप में दर्शकों तक पहुंचा।